हूटर, VIP स्टिकर और ब्लैक फिल्म वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई आलीराजपुर जिले में विशेष यातायात अभियान के तहत 1.71 लाख रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला
हूटर, VIP स्टिकर और ब्लैक फिल्म वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आलीराजपुर जिले में विशेष यातायात अभियान के तहत 1.71 लाख रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला
आलीराजपुर, 5 अगस्त
पुलिस मुख्यालय PTRI भोपाल द्वारा संचालित विशेष यातायात अभियान के अंतर्गत जिला आलीराजपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमति ज्योति उमठ बघेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अवैध रूप से हूटर का उपयोग कर रहे 4 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 12,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया तथा उनके हूटर जब्त किए गए। वहीं शासकीय अथवा VIP स्टिकर का अनुचित उपयोग करने वाले 7 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर 3,500 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने चार पहिया वाहनों पर नियमों के विरुद्ध लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 42 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटवाकर उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई तथा 21,000 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।
इसके अलावा वाहनों पर अमानक एवं गलत तरीके से लगी नंबर प्लेट के विरुद्ध 70 प्रकरण दर्ज किए गए। संबंधित वाहन चालकों से 35,000 रुपये का समन शुल्क वसूलने के साथ ही मौके पर ही निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध नंबर प्लेट लगवाई गई।
यातायात निरीक्षक श्री अर्जुनसिंह वास्केल ने बताया कि यह विशेष अभियान पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ लगातार जारी रहेगा। उन्होंने जिले के सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन पर अनधिकृत हूटर, VIP स्टिकर, ब्लैक फिल्म अथवा अमानक नंबर प्लेट का उपयोग न करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं एवं अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।




