शासकीय राशन दुकान से चोरी अनाज के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
शासकीय राशन दुकान से चोरी अनाज के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार
30 कट्टे अनाज और बोलेरो पिकअप समेत 5.52 लाख रुपये का मशरूका बरामद
अलीराजपुर, 11 अगस्त। चंद्रशेखर आजादनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोरियापान स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से अनाज चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 कट्टे अनाज और चोरी में इस्तेमाल की गई बोलेरो पिकअप वाहन बरामद किया है। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 5.52 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को ग्राम कोरियापान की शासकीय उचित मूल्य दुकान का ताला टूटा मिला था। दुकान में रखा गेहूं और चावल गायब था। फरियादी की रिपोर्ट पर चंद्रशेखर आजादनगर थाने में अपराध क्रमांक 333/2026 के तहत धारा 331(4), 305(a) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान 11 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोरियापान-खुटाजा तिराहे पर एक बोलेरो पिकअप में चोरी का अनाज भरा हुआ है और तीन व्यक्ति उसे बेचने की तैयारी में हैं। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराम तरोले के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पिकअप में बैठे तीन लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान निलेश पिता शब्बु मेडा, मनीष पिता धनसिंह और प्रकाश पिता नानजी, निवासी कोरियापान के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में तीनों द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान से अनाज चोरी करना स्वीकार किया गया। पुलिस ने मौके से 30 कट्टे अनाज और बोलेरो पिकअप क्रमांक GJ05BX7192 जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बरामद अनाज की कीमत करीब 52 हजार रुपये, जबकि बोलेरो पिकअप की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
कार्रवाई में निरीक्षक शिवराम तरोले, सउनि भूपेन्द्र, सउनि दिनेश नरगावे, प्रआर. सुरेन्द्र, राकेश, तोलसिंह, आरक्षक विजय, भारत, प्रदीप एवं रविन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

