वाहन चेकिंग में चोरी की बाइक सहित आरोपी गिरफ्तार, रंग बदलकर चला रहा था वाहन
वाहन चेकिंग में चोरी की बाइक सहित आरोपी गिरफ्तार, रंग बदलकर चला रहा था वाहन
अलीराजपुर, 7 अगस्त। जिले के बखतगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की मोटरसाइकिल सहित एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पुलिस की नजर से बचने के लिए चोरी की बाइक का रंग बदलकर उसका उपयोग कर रहा था।
पुलिस के अनुसार थाना बखतगढ़ में अपराध क्रमांक 08/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। फरियादी सुरेन्द्र कुमार बारसिया निवासी ग्राम गारादेही, थाना जुन्नारदेव, जिला छिंदवाड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी HF Deluxe मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-09-VK-5880) ग्राम छकतला स्थित सरकारी अस्पताल के पास से अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपी और चोरी की मोटरसाइकिल की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 6 अगस्त को चौकी छकतला के सामने वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित रोका। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में वाहन चोरी का निकला।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के उद्देश्य से मोटरसाइकिल का रंग बदल दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है तथा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिसोदिया, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राहुल चौहान, सउनि लक्ष्मण परमार, आरक्षक गोविंद यादव, चंदन चौहान, सुनील सिसोदिया एवं पूजा त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
