अलीराजपुर में स्कूल वाहनों की सघन जांच – 16 वाहन चालकों पर की गई कार्रवाई, ₹14,000 का समन शुल्क वसूला गया
अलीराजपुर ::: अलीराजपुर में स्कूल वाहनों की सघन जांच – 16 वाहन चालकों पर की गई कार्रवाई, ₹14,000 का समन शुल्क वसूला गया
अलीराजपुर, 23 जून 2025 – अलीराजपुर जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री राजेश व्यास के निर्देशन में यातायात पुलिस टीम के द्वारा की गई है।
अभियान के अंतर्गत अलीराजपुर नगर क्षेत्र की विभिन्न स्कूलों की बसों, वैनों और ऑटो रिक्शा आदि वाहनों की समय-समय पर जांच की कार्यवाही की जाती है। इसी परिप्रेक्ष्य मे दिनांक 23 जून को भी स्कूल वाहनों की सघन जांच की गई है। इस दौरान यातायात पुलिस टीम के द्वारा स्कूली वाहनों के निम्न बिंदुओं पर जांच की गई है:
• वाहन का वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा, पीयूसी (प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र)
• ड्राइवर का वैध लाइसेंस
• अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन खिड़कियाँ
• स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, वाहन की क्षमता के अनुसार बच्चों की संख्या आदि
जांच के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 16 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई और कुल ₹14,000/- का समन शुल्क वसूला गया। इन मामलों में प्रमुख उल्लंघन इस प्रकार रहे:
• 01 वाहन में क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को बैठाना
• 01 वाहन बिना वैध बीमा का पाया गया
• 02 वाहन बिना वैध पीयूसी प्रमाण पत्र के संचालन में पाए गए
• 12 वाहन चालकों द्वारा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन
अलीराजपुर की यातायात पुलिस टीम के द्वारा पूर्व में भी उपरोक्तानुसार कार्यवाही के लिये स्कूली वाहनों को अलीराजपुर पुलिस कंट्रोल रूम स्थित परेड ग्राउंड में पूर्व में भी बुलवाया जाकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से समझाईश दी गई। उन्हें बताया गया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है, अतः बच्चों को वाहन में चढ़ाने और उतारने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। साथ ही, सभी सुरक्षा उपकरण और वैध दस्तावेज हमेशा अपडेट और उपलब्ध रखें।
यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान सतत रूप से जारी रहेंगे, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।




